Bihar Flood: बिहार की नदियां उफान पर, गंडक-कोसी बराज के सभी गेट खोले गए

Bihar Flood:नेपाल में लगातार हो रही बारिश के कारण बिहार की कई नदियां उफान पर हैं। गंडक, कोसी, बागमती, कमला और महानंदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। गंडक बराज ने तकरीबन 2,98,000 क्यूसेक पानी को डिस्चार्ज किया है। इसी को देखते हुए सरकार के द्वारा गंडक नदी के आसपास जो सटे इलाके हैं वहां के लोगों को ऊंचे स्थान पर जाने की घोषणा की गई है।

वहीं कोसी नदी में 2.30 लाख क्यूसेक पानी को डिस्चार्ज किया गया। हालात काफी चिंताजनक बने हुए हैं। गंडक नदी में हर घंटे दो सेंटीमीटर तो कोसी में हर घंटे एक सेंटीमीटर पानी बढ़ रहा है। वाल्मीकि नगर के जो निचले इलाके हैं चकदहवा, झंडु टोला, बिन टोली और कान्हा टोला के तमाम लोगों को ऊंची जगह पर जाने को कहा गया है। चकदहवा और झंडु टोला के आसपास एसएसबी की एक टीम का कैंप बनाया गया है। जवानों द्वारा माइकिंग से घोषणा करवाई गई है कि लोग सामान और बच्चों के साथ ऊंचे तथा सुरक्षित स्थान पर जाकर रहें।

बेतिया के गौनाहा की भितिहरवा पंचायत में स्थित मरजदी गांव के लोग बाढ़ की वजह से परेशान हो गए हैं। लगातार बारिश के कारण पंचायत के वार्ड नंबर चार में कटहा नदी पर बना पुल ध्वस्त हो गया है जिससे गांव का सड़क संपर्क प्रखंड और जिला मुख्यालय से टूट गया है।

बिहार के कई इलाकों का यही हाल बना हुआ है। जल संसाधन विभाग की ओर से पूरे राज्य में अलर्ट कर दिया गया है। तटबंधों की निगरानी बढ़ा दी गई है। राज्य के तमाम इंजीनियरों और अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

65 / 100

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -
Leave a comment
Off